उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां हाटा कोतवाली क्षेत्र के सिकटिया गांव में एक गन्ने के खेत में दो हजार व पांच सौ रुपये के नोट मिले। नोट देखते ही वहां मौजूद गांव के लोगों ने लूटकर अपने घर में रख लिया। पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो छानबीन के बाद ग्रामीणों के घर से एक लाख 15 हजार रुपये बरामद किया गया। इसमें अधिकांश नोट खराब हो चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद जमीन सिकटिया गांव निवासी सीताराम प्रसाद का खेत सिकटिया गांव में है। यह खेत इसी गांव के रहने वाले मुंशी सिंह ने रेहन ले रखा है, जिसमें गन्ने की फसल बोई गई थी। मंगलवार की शाम को गन्ना छिलाई के दौरान खेत में ही एक जगह पर झाड़-झंखाड़ी देखकर उसकी सफाई कराई गई।
साफ सफाई के दौरान वहां नोट देखकर लोग सन्न रह गए। खेत में मौजूद लोग सारे नोट लूट ले गए। बुधवार की सुबह इसकी जानकारी हाटा कोतवाली पुलिस को हुई तो छानबीन शुरू कर दी गई। हाटा कोतवाल जयप्रकाश पाठक का कहना है कि लोगों की सूचना पर छानबीन की गई तो घटना सही पाई गई। लोगों के घर से एक लाख 15 हजार रुपये का नोट बरामद किया गया। नोट यहां क्यों रखा गया था, इसकी जांच की जा रही है।