ब्राह्मणों को दक्षिणा में दे दिए नकली नोट
अनुष्ठान कराने सीतापुर गए थे 51 ब्राह्मण, नोट बरामद कर पुलिस ने भेजा घर
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। सीतापुर में अनुष्ठान कराने गए ब्राह्मणों को नकली नोट देने का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी मिलने पर ब्राह्मणों ने मुख्य यजमान के बेटे को पकड़ लिया और सीतापुर पुलिस को खबर दी। पुलिस ने नकली नोट बरामद कर अयोध्या, बहराइच और बस्ती के पंडितों को कार्रवाई का आश्वासन देकर घर भेज दिया। एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि इस मामले की सीतापुर पुलिस छानबीन कर रही है। हालांकि बस्ती पुलिस को इस बाबत कोई प्रार्थनापत्र नहीं मिला है।
कल्यानपुर निवासी आचार्य अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बहराइच के गुरुभाई आचार्य दिलीप पाठक ने सीतापुर में अनुष्ठान में शामिल होने का आग्रह किया था। दो हजार रुपये प्रतिदिन दक्षिणा देने की बात तय हुई। अयोध्या के आचार्यों को मिलाकर 40 ब्राह्मणों का दल सीतापुर के रामपुर मथुरा क्षेत्र में तय स्थान पर पहुंचा। यहां मुख्य यजमान ने 11 और पंडितों को बुला रखा था। 51 आचार्यों के जरिए नौ दिनों तक रात्रि नौ से तड़के तीन बजे तक अनुष्ठान होना था, लेकिन पूजा 11 दिनों तक कराई गई। ब्राह्मणों को जो 11 लाख 22 हजार रुपये दक्षिणा दी गई, उनमें से ज्यादातर नोट नकली निकले। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।