लंबी लाइनों में लगे लोगों को कोच में नीचे बैठकर करना पड़ा सफर
गोरखपुर। होली में घर आए लोगाें के वापसी की भीड़ अभी कम नहीं हुई है। शुक्रवार को गोरखधाम एक्सप्रेस और छपरा-अमृतसर वाया गोरखपुर एक्सप्रेस की जनरल कोच में भीड़ उमड़ी तो घंटों लाइन लगने के बाद भी लोगों को जगह नहीं मिली। यात्री कोच की गैलरी में नीचे बैठे कर रवाना हुए।
करीब आधे घंटे की देरी से प्लेटफॉर्म तीन पर आई छपरा-अमृतसर एक्सप्रेस की जनरल बोगियों में पहले से ही जबरदस्त भीड़ थी। स्टेशन पर आए लोग बड़ी मुश्किल से कोच में चढ़ पाए। पावदान के पास और शौचालय व गैलरी के बीच में नीचे बैठकर ही लोगों ने यात्रा की। उधर, गोरखधाम एक्सप्रेस में सुबह से ही लोग लाइन में लग गए थे लेकिन भीड़ ज्यादा होने के चलते बहुत सारे लोगों को सीट नहीं मिल पाईं। हालांकि, आरपीएफ ने यात्रियों को कोच में दाखिल कराया और वे रवाना हुए।
स्टेशन पर बना हेल्प डेस्क
गोरखपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा में आए अभ्यर्थियों और उनके परिवार वालों की मदद के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म दो पर पुराने वेटिंग हॉल के पास जीआरपी ने हेल्प डेस्क बनाया है। हेल्प डेस्क पर पहुंचकर दूसरे जिलों से आए बहुत सारे अभ्यर्थी अपने परीक्षा केंद्र और होटल के बारे में जानकारी लेते रहे। वहीं, यहां से दूसरे जिलों में जाने के लिए अभ्यर्थी ट्रेन की जानकारी लेते रहे। रेल प्रशासन ने गोरखपुर से आजमगढ़ और बलिया के लिए 13 से 15 मार्च तक स्पेशल ट्रेन चलाया है। ट्रेन से भारी संख्या में यात्री स्टेशन पहुंचे।