मेडिकल कॉलेज में बनेगा क्रिटिकल केयर यूनिट, जगह चिह्नित कर शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव
देवरिया। मेडिकल कालेज क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित होगा। इसके लिए शासन ने प्रस्ताव मांगा है। क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है। यह कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद शासन को रिपोर्ट भेज दी जाएगी। इसके बनने से गंभीर मरीजों के इलाज में सहूलियत होगी।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित करने के लिए प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा ने पत्र भेजा है। साथ ही प्रस्ताव मांगा हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने क्रिटिकल केयर यूनिट की स्थापना के लिए कवायद शुरू कर दी है। बारह हजार पांच वर्ग फीट में बनने वाला क्रिटिकल केयर यूनिट का भवन दो मंजिला होगा। इसमें पचास बेड होंगे। इसमें अत्याधुनिक उपकरण होंगे।
इसके मद्देनजर अस्पताल परिसर में जमीन की तलाश की जा रही है। इमरजेंसी के बगल की तथा ब्लड बैंक के पास खाली पड़ी जमीन को देखा गया है। अभी मेडिकल कॉलेज प्रशासन तथा चिकित्साधिकारी किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं और वे भूमि चयन पर विचार कर रहे हैं। स्थान निर्धारित होने के बाद शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। वहां से हरी झंडी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में जिले विभिन्न क्षेत्रों सहित बिहार प्रांत के सीमावर्ती गांवों के हर रोज औसतन बारह सौ लोग इलाज कराने आते हैं। यहां गंभीर मरीजों के इलाज के लिए सुविधा नहीं है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इन मरीजों को होगी सुविधा
देवरिया। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में क्त्रिस्टिकल केयर यूनिट स्थापित होने से गंभीर मरीजों के इलाज में सुविधा होगी। इसमें हृदय रोग, सांस, हेड इंजरी, चोट, सर्जरी सहित अन्य बीमारियों के गंभीर मरीजों का इलाज हो सकेगा।
शासन स्तर से क्त्रिस्टिकल केयर यूनिट के लिए प्रस्ताव मांगा गया है। इसके लिए जमीन चिह्नित करने का कार्य चल रहा है। कुछ स्थानों का निरीक्षण किया गया है। 15 अगस्त के बाद जगह निर्धारित कर प्रस्ताव तैयार कर भेज दिया जाएगा। -डॉ. राजेश कुमार बरनवाल, प्राचार्य, महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज
हृदय रोग विशेषज्ञ ने शुरू किया इलाज
देवरिया। मेडिकल कॉलेज में हृदय रोग का इलाज शुरू हो गया है। शनिवार को हृदय रोग विशेषज्ञ ने ओपीडी में मरीजों का इलाज किया। यह जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे मरीजों को सहूलियत होगी।
मेडिकल कॉलेज में हृदय रोग विशेषज्ञ के रूप में डीएम कार्डियोलॉजी डॉ. अभिषेक अग्रवाल की तैनाती की गई है। वह सप्ताह में दो दिन बृहस्पतिवार और शनिवार को ओपीडी में मरीजों को देखेंगे। वह आज सुबह ओपीडी में बैठे और हृदय रोग से संबंधित 45 मरीजों का इलाज किया। इसके पहले यहां हृदय रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं थी, जिससे मरीजों को इलाज के महानगरों में जाना पड़ता था। मरीजों के साथ तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।