उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पपीता तोड़ने के विवाद में ननद ने ही भाभी को धक्का देकर गिरा दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना पर पर्दा डालने के लिए अपने नाबालिग बेटे की मदद से शव को बोरे में रखकर नहर की पुलिया में डाल दिया था। पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना का पर्दाफाश कर दिया। घटना में शामिल ननद और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में मृतका के पिता ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।
एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि 13 फरवरी को बघौचघाट थाना क्षेत्र के सेमरी नहर पुलिया में बोरे में महिला का शव बरामद हुआ था। उसकी शिनाख्त अफसाना पत्नी नौशाद निवासी बसडीला जद्युधूरी के रूप में हुई थी। मृतका के पिता मुलाजीम अंसारी की तहरीर पर नौशाद, हदीश, नेशा खातून, रफीक निवासी सेमरी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले।
उसके आधार पर ननद हाजिरा खातून पत्नी हदीश निवासी बसडीला जद्युधूरी को हिरासत में लिया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी हाजिरा खातून ने बताया कि घटना के दिन शाम को वह अपनी स्कूटी से अपने बेटे के साथ गांव के बाहर भाई के बने अर्द्धनिर्मित मकान के पास आलू व प्याज की फसल देखने गई थी।
वहां पर उसकी भाभी पहले से मौजूद थी, जो पपीता तोड़ने लगी। इसी बात पर दोनों में विवाद हो गया और धक्का-मुक्की हो गई थी। हाजिरा खातून और उसके बेटे ने अफसाना को धक्का दे दिया। अफसाना का सिर पिलर से टकरा गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है।
बेटा स्कूटी चला रहा था, बोरे में शव लेकर बैठी थी मां
भाभी की मौत का राज न खुले, इसके लिए हाजिरा खातून ने अपने बेटे की मदद से शव को गांव के पास नहर की पुलिया में फेंक दिया था। हाजिरा खातून बोरे में शव रखकर स्कूटी पर बैठी थी और बेटा स्कूटी चला रहा था। दोनों को लगा कि अगर शव को घटनास्थल पर छोड़ कर चले गए तो उन्हें जेल जाना पड़ेगा। इस घटना में अपने को निर्दोष साबित करने के लिए दोनों ने ऐसा किया था। पर पुलिस की जांच से दोनों के इरादों पर पानी फिर गया।