गोरखपुर जिले के चौरीचौरा इलाके में 60 लाख रुपये की जालसाजी करने की आरोपी महिला, जगदीशपुर (खोराबार) निवासी सरिता देवी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। सरिता और उसके चार साथियों पर फर्जी तरीके से जमीन का बैनामा कर 60 लाख रुपए हड़पने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, चौरीचौरा क्षेत्र के चौरा निवासी वेद प्रकाश यादव ने आरोप लगाया था कि सरिता देवी, पुष्पा देवी, सातिब खान, रमाशंकर गुप्ता व गोपाल कसौधन ने साजिशन, दूसरे की भूमि का फर्जी तरीके से बैनामा करके 60 लाख रुपये हड़प लिये।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर 17 मार्च 2021 को कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने की धारा में केस दर्ज किया था। इंस्पेक्टर श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी महिला सरिता देवी अपने घर के सामने खड़ी है और कही भागने के फिराक में है। इसी सूचना पर गई पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया।