उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के पैकोलिया थाना क्षेत्र के चरखारी गांव के कठौआ पुरवा में मंगलवार रात प्रधान पद के प्रत्याशी औऱ उसके समर्थकों ने पुलिस के साथ मारपीट की। करीब पचास लोगों की भीड़ ने एसओ समेत पुलिस कर्मियों को दौड़ा लिया। भागकर उन्हें जान बचानी पड़ी। पुलिस ने देर रात एसओ और कलस्टर मोबाइल के दरोगा की तहरीर पर अलग-अलग दो मुकदमे दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
एसओ धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने तहरीर दी है कि वह मय हमराही और कलस्टर मोबाइल टीम के साथ क्षेत्र भ्रमण करते हुए चोरखरी गांव पहुंचे। जहां गांव के सुधीर कुमार वर्मा, शेषराम वर्मा आदि कुछ लोग आदर्श आचार संहिता और महामारी एक्ट के उलंघन के संबंध में बातचीत होने लगी। इसी बीच उक्त लोगों ने पुलिस के साथ गाली गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान प्रधान पद प्रत्याशी तुलसीराम वर्मा और उनके करीब पचास समर्थक पहुंच गए। सभी ने पुलिस पर हमला बोल दिया। पुलिस टीम को भागकर जान बचानी पड़ी। लोगों ने पुलिस के वाहन में भी तोड़फोड़ किया। पुलिस ने दोनों मुकदमों में 15 नामजद समेत करीब पचास अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, तोड़फोड़, सरकारी कार्य में बाधा, आदर्श आचार संहिता का उलंघन, कोविड महामारी एक्ट के उल्लंघन सहित दर्जन भर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसपी आशीष श्रीवास्तव के मुताबिक आरोपियों की तलाश की जा रही है।