गोरखपुर जिले में बेलघाट इलाके के छितौना गांव में बीते सोमवार को रास्ते के पैमाइश के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें तीन लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट के दौरान खुलेआम तमंचा व पिस्टल लहराया गया। मंगलवार को इसका वीडियो वायरल हो गया।
पुलिस ने इस मामले में एक पक्ष की तहरीर पर 13 लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा और हत्या के प्रयास के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपित धनंजय सिंह व विकास सिंह उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को दी तहरीर में छितौना गांव निवासी सियाराम सिंह ने बताया कि उनके आवेदन पर सोमवार को गांव के एक चकमार्ग की पैमाइश कानूनगो व लेखपाल की मौजूदगी में हो रही थी। आरोप है कि इस दौरान रास्ते की जमीन पर कब्जा करने वाले गांव के ही जयप्रकाश सिंह, उनके बेटे छोटू सिंह, धनंजय सिंह, नर्वदेश्वर सिंह उर्फ मुन्नू, हैप्पी, हरिश्चंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह, जयचंद सिंह आदि आए और दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने भाला से हमला कर सियाराम को घायल कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने पिस्टल से सियाराम के बेटे शत्रुघ्न पर गोली चला दी। गोली शत्रुघ्न की आंख के कुछ ऊपर मामूली जख्म करते हुए बाहर निकल गई। मारपीट के दौरान हमलावरों ने खुलेआम पिस्टल और तमंचा लहराया। घटना में सीताराम भी घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने सियाराम की तहरीर पर दूसरे पक्ष के जयप्रकाश सिंह, छोटू सिंह उर्फ विकास सिंह, धनंजय सिंह, नर्वदेश्वर सिंह, हैप्पी सिंह, हरिश्चंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह, जयचंद सिंह, अवनींद्र सिंह, बलजीत सिंह, बलवंत सिंह, शिवानंद सिंह और अनिल सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस ने धनंजय सिंह व विकास उर्फ छोटू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में सीओ गोला श्यामदेव बिंद ने बताया कि रास्ते के पैमाइश के दौरान सोमवार को दो पक्षों में विवाद हुआ था। एक पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।