फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर उद्यान विभाग में ज्वाइन करने आए युवक हिरासत में।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर में रुपये देकर उद्यान विभाग में सरकारी नौकरी ‘खरीदने’ वाले दो युवकों को पुलिस ने शनिवार को फर्जी नियुक्ति पत्र के साथ हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनके साथ आए सरकारी नौकरी के ‘विक्रेता’ को भी पकड़ लिया है। ज्वाइन करने आए एक युवक के पास जिला उद्यान विभाग में अफसर और दूसरे के कब्जे से कर्मचारी पद पर नियुक्ति का फर्जी पत्र मिला है।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि 40 और 20 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे, बाकी रकम ज्वाइनिंग के बाद देनी थी। यही नहीं, यहां तीन युवक और एक युवती को ज्वाइन करना था, लेकिन दो युवक ही आए। इससे पहले ये चारों ज्वाइनिंग के लिए प्रयागराज जिला उद्यान विभाग गए थे। वहां से इन्हें गोरखपुर जाने के लिए कहा गया था। हिरासत में लिए गए तीनों युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक हिरासत में लिए गए आरोपितों की पहचान अयोध्या के धन्नीपुर निवासी रवि यादव, बशारतपुर निवासी किशोर मौर्या और गोरखपुर के हरिसेवकपुर नंबर एक निवासी नवीन कुमार के रूप में हुई है। नियुक्ति पत्र देखने के बाद ही विभागीय कर्मचारियों को संदेह हो गया था।