उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल हरपुर गांव के लोनिया टोला में रविवार की सुबह बागीचे में पेड़ से युवक का लटकता शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, 19 वर्षीय गुरदास गुप्ता बीए का छात्र था। वह भटहट कस्बे में एक कंप्यूटर की दुकान पर काम भी करता था। रविवार की सुबह लगभग चार बजे वह कमरे से बाहर निकला। उसके बाद लगभग छह बजे मां राजमती देवी गोबर लेकर बगीचे में पहुंची तो देखा कि दो पेड़ों के बीच व्यायाम करने के लिए पेड़ में बांधी गई बांस की लकड़ी के सहारे गुरदास का शव लटक रहा था।
बेटे को लटका देख मां राजमती देवी चिल्लाकर रोने लगी। आवाज सुनकर जुटे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार गुरदास काफी मिलनसार स्वभाव का था। परिजन इसे आत्महत्या बता रहे हैं लेकिन उसने यह कदम क्यों उठाया नहीं बता पा रहे हैं।
वही ग्रामीणों में प्रेम संबंध सहित कई तरह की भी चर्चा है। छात्र के पिता कुबेर गुप्ता सउदी अरब में रहते हैं इस समय वह वहीं पर है। घर पर दादा, मां, एक छोटा भाई व बहन रहती है। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव ने बताया कि युवक की जेब से एक मोबाइल मिला। जिसकी कॉल डिटेल आदि की जाांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्थिति साफ होगी।