राजघाट इलाके के बनकटी चक में पुराने रईस नुसरत उल्लाह वारसी की हत्या में शामिल शूटर की तलाश में एसटीएफ भी लग गई है। पुलिस के पास हेलमेट लगाए एक शख्स की तस्वीर और बाइक की फोटो है, जो सीसी टीवी कैमरे में कैद हुई थी। इसी के आधार पर पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। नामजद आरोपित अनिल सोनकर भी अभी पकड़ा नहीं जा सका है।
कई लोगों के मोबाइल की लोकेशन और कॉल डिटेल भी पुलिस ने खंगाला है मगर अभी तक कोई ऐसा ठोस सबूत नहीं हाथ लग सका है जिससे घटना का पर्दाफाश हो सके। खबर है कि शूटर अनिल है या कोई और, इसकी छानबीन में पुलिस के साथ एसटीएफ भी लग गई है।
घटना के अगले दिन पुलिस ने सीसी टीवी कैमरे को ध्यान से देखा था और फिर समय और तरीके से अनुमान लगाया जा रहा है कि शूटर ने ही हत्या की है। पुलिस अब इसी बिंदु पर काम कर रही है। उधर, शक के आधार पर नामजद आरोपित बनाया गया अनिल सोनकर भी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका है। अनिल पर ही दो करोड़ से ज्यादा रकम गबन करने का केस नुसरत ने दर्ज कराया था। पुलिस को उम्मीद है कि उससे पूछताछ के बाद ही कुछ तथ्य हाथ लगेंगे।