उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट पुलिस ने हाईवे पर लूट के आरोप में पकड़े गए आदर्श मिश्रा समेत छह आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया। पुलिस ने सोमवार को इन आरोपियों को लूट व चोरी की चार बाइक, दो तमंचा, तीन मोबाइल फोन के साथ पकड़ा था। पुलिस फरार तीन आरोपियों सिसवा सोनबरसा निवासी रामपाल जायसवाल, विन्ने राजभर व खजनी के खजुरी निवासी साहिल सिंह की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, हरपुर बुहदट के सिसवा सोनबरसा निवासी जिला पंचायत सदस्य श्याम विशाल मिश्रा के बेटे आदर्श मिश्रा, लकड़ी कारोबारी के बेटे बांसगांव के पिपरा पितंबर निवासी अखिलेश सिंह उर्फ भीम, अंकुर मिश्रा, संजय मिश्रा, अभिषेक उर्फ गोलू व शनि सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने बताया कि इन लोगों ने कुछ दिन पहले एक भाजपा नेता की बाइक लूटी थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने गीडा, खजनी व हरपुर बुदहट इलाके में हुई बाइक, मोबाइल फोन लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस अब इनके खिलाफ गैंगस्टर की भी कार्रवाई जल्द शुरू करेगी।