गोरखपुर जिले के खोराबार इलाके के एक कपड़ा की दुकान पर दादी के साथ गई महिला को बेचे जाने की सूचना से सनसनी मच गई। सूचना देने वाले ने पुलिस को बताया कि 25 वर्षीय महिला को बेचने के लिए उसकी दादी लेकर एक कपड़ा की दुकान पर गई, जहां पर खरीदार भी आया है। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और महिला, उसकी दादी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस के पास बुधवार को एक फोन आया और बताया कि मेरठ से एक शख्स आया है जो महिला को खरीदने के लिए आया है। दुकानदार की सेटिंग है और उसने ही महिला की उसकी दादी से सौदा तय कर दिया है, इस समय तीनों ही दुकान पर मौजूद है।
इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दादी-महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि वहां पर मेरठ का कोई व्यक्ति नहीं मिला है। इंस्पेक्टर खोराबार राहुल सिंह का कहना हैं कि महिला और उसकी दादी से पूछताछ की जा रही है। दोनों स्वीकार नहीं कर रही हैं लेकिन कुछ मामला जरूर है। पुलिस गहनता से जांच कर रही है।