रामगढ़ताल इलाके में स्थित एक स्कूल की शिक्षिका से छेड़खानी करने के आरोपित कमलेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह शिक्षिका को कई दिनों से स्कूल आने-जाने के क्रम में परेशान करता था। बुधवार को शिक्षिका ने रामगढ़ताल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने छेड़खानी और धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर रामगढ़ताल राणा देवेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक शिक्षिका को कुछ दिनों से परेशान किया जा रहा था लेकिन वह उसे टाल रही थीं। बुधवार को कमलेश ने स्कूल जाते समय उसके साथ अभद्रता की। फिर शिक्षिका ने इसकी जानकारी घरवालों को दी। आरोपित भी उस स्कूल में काम कर चुका है। इसकी वजह से घरवाले उसके घर शिकायत लेकर पहुंच गए।
कमलेश को समझाने की बजाए घरवालों ने शिक्षिका के परिजनों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए धमकी दे दी। जिसके बाद शिक्षिका ने थाने में केस दर्ज कराया था। पुलिस आरोपित की तलाश में थी इसी दौरान कमलेश को तारामंडल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। वह सिद्धार्थनगर कॉलोनी का निवासी है।