मौके पर मौजूद पुलिस व ग्रामीण। (इनसेट में रिटायर्ड फौजी की फाइल फोटो) )
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मदनपुर थाना क्षेत्र के बारीडीहा गांव में रविवार की सुबह रास्ते से पेड़ की टहनी हटाने के विवाद में सेवानिवृत्त सेना के जवान की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया है। वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं लेने दिया। उन्होंने कहा कि पहले विवाद का निपटारा हो जाए तभी शव उठने देंगे। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, बारीडीह गांव निवासी जीऊत बंधन दुबे (70) रिटायर्ड सेना के जवान थे, उनका गांव के ही एक व्यक्ति से रास्ते में पुराने पेड़ की टहनी हटाने को लेकर विवाद चला आ रहा था। जिसकी शिकायत कई बार मदनपुर पुलिस के पास पहुंची थी, लेकिन मामले का निपटारा पुलिस की कार्यशैली के कारण नहीं हो सका था।
रविवार सुबह जीऊत बंधन दुबे और उनका भतीजा नन्हे अपने दरवाजे पर मौजूद थे। इस दौरान पड़ोसी से बातचीत के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। आरोप है कि इसी दौरान लाठी-डंडे से लैस लोगों ने जीऊत बंधन दुबे और उनके भतीजे पर हमला बोल दिया। जिससे रिटायर सेना के जवान की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी होते ही मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच गए और पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस को हत्या से नाराज परिजनों ने शव कब्जे में लेने से रोक लिया और विवाद के निस्तारण की मांग करने लगे।
उनका कहना था कि जब तक विवाद का निपटारा नहीं हो जाता है तब तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जाएगा। घटना के बादतनाव को देखते हुए मदनपुर के अलावा रुद्रपुर कोतवाली पुलिस के साथ सीओ अंबिका मौके पर तैनात हैं। सीओ ने बताया कि पेड़ कटवा दिया गया है, मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।