15 दिसंबर 2019 की रात मेडिकल कॉलेज चौकी के पास प्रापर्टी डीलर आशीष उर्फ छोटू प्रजापति तथा उसके दोस्त को गोली मारने की सुपारी एक माफिया ने दी थी। आरोपित शूटर को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने कई राज उगले हैं। खबर है कि क्राइम ब्रांच जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर सकती है।
जानकारी के मुताबिक, 15 दिसंबर 2019 को बीआरडी मेडिकल कॉलेज चौकी के सामने रात में 9:30 बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने झुंगिया बाजार के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर आशीष उर्फ छोटू प्रजापति को गोली मार दी थी। घायल आशीष को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
सीने में गोली लगने से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में लंबे समय तक चले इलाज के बाद वह खतरे से बाहर हैं। उनके बयान के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद युवकों पर केस दर्ज किया था उनमें से दो को पुलिस ने पकड़ लिया है जबकि तीसरा फरार है।
क्राइम ब्रांच इस मामले में लगी थी इस बीच तीन और युवकों के नाम सामने आए। पता चला कि उन्होंने आशीष के साथ ही उसके दोस्त की भी हत्या की सुपारी ली थी। एक माफिया ने उन्हें यह सुपारी दी थी। माफिया की नजर में आशीष और उसके दोस्त पिछले कुछ दिनों से खटक रहे थे। पकड़ा गया शूटर इससे पहले शाहपुर इलाके में एक चर्चित मर्डर में शामिल रह चुका है। क्राइम ब्रांच अभी उससे पूछताछ कर रही है।