नकल माफियाओं पर नकेल कसने को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके बावजूद भी कुछ विद्यालयों में नकल कराया जा रहा है। इसी तरह का एक मामला क्षेत्र के राम प्यारे चौधरी इंटर कॉलेज रेहरवा में बुधवार को उस समय उजागर हुआ, जब नकल की सूचना पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने विद्यालय में छापेमारी की।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तहरीर पर नकल कराने के आरोप में कक्ष निरीक्षक, केंद्र व्यवस्थापक सहित 38 छात्रों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने सामूहिक नकल कराने के आरोप में कक्ष निरीक्षक विनोद कुमार व केंद्र व्यवस्थापक कृष्ण कुमार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की छापेमारी के दौरान विद्यालय में इंटरमीडिएट की दूसरी पाली में अंग्रेजी विषय की परीक्षा चल रही थी। इस दौरान विद्यालय में अफरातफरी मच गई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सूचना मिली थी कि उक्त विद्यालय में सामूहिक नकल कराई जा रही है और यहां कापियां भी लिखाई जा रही हैं।
छापेमारी के दौरान जब पड़ताल शुरू गई तो उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देख परीक्षा दे रहे छात्रों की कापियों का मिलान स्त्रकिया, तो सामूहिक नकल कराने की बात सामने आई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट मनोज कुमार चतुर्वेदी ने कप्तानगंज पुलिस को तहरीर उक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
थानाध्यक्ष कप्तानगंज सौदागर राय ने केंद्र व्यवस्थापक व कक्ष निरीक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है, शेष कार्रवाई की जा रही है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक को बदलकर किसान इंटर कॉलेज भानपुर के सहायक अध्यापक अरविंद कुमार को नए केंद्र की जिम्मेदारी दी गई है।