उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक अवैध असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पूछताछ में गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने बताया कि वह बेरोजगार हैं, इसलिए यह काम कर रहे थे।
संतकबीरनगर जिले के महुली पुलिस ने गुरुवार की रात क्षेत्र के जोगाराजा स्थित समय माता मंदिर के दक्षिण पीपल के पेड़ के पास असलहा फैक्टरी पकड़ी। मौके से चार अदद 315 बोर के तमंचे और शस्त्र निर्माण के उपकरण आदि बरामद किए। पकड़े गए आरोपी अवैध असलहों को बस्ती, आंबेडकरनगर आदि जनपदों में तीन से पांच हजार रुपये में बेच देते थे। पकड़े गए दोनों आरोपी महुली क्षेत्र के ही निवासी हैं।
एएसपी संजय कुमार ने पत्रकारवार्ता में बताया कि एसओ महुली प्रदीप सिंह ने अपने सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ सूचना के आधार पर गुरुवार की रात जोगाराजा स्थित समय माता मंदिर के दक्षिण पीपल के पेड़ के पास से असलहे की फैक्टरी पकड़ी। मौके से पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोपाल पांडेय पुत्र नकछेद पांडेय निवासी भिनखिनीचक और सर्वजीत शर्मा पुत्र दयाराम निवासी खरवनिया खुर्द थाना महुली के रूप में हुई। मौके से पुलिस टीम ने चार अदद 315 बोर का कट्टा, छह अदद नाल 315 बोर, दो अदद हेक्सा ब्लेड आरी, दो अदद छीनी, सड़सी, पिलास, आठ अदद स्प्रिंग बड़ा व सात अदद छोटा स्प्रिंग, पिलास, रेती, छह अदद बड़ा रिपीट, 17 अदद छोटा रिपीट, इमरजेंसी लाइट, तीन किलोग्राम कोयला, भट्ठी बरामद की।