कैंपियरगंज इलाके के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित पानी की टंकी के पास कपड़े में लपेटकर फेंका गया नवजात का शव मिला है। पुलिस को आशंका है कि मृत बच्चा पैदा होने के बाद शव फेंक दिया गया होगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही महिला अस्पताल भी संचालित होता है। यही पर स्थित पानी की टंकी के पास सोमवार की दोपहर लोगों ने नवजात का शव देखा। आशंका है कि रात में ही बच्चे का जन्म हुआ होगा। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। अस्पताल में नवजात का शव फेंके जाने को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा चल रही है।
कैंपियरगंज एसओ निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आशंका है कि मृत बच्चा पैदा होने पर उसे फेंका गया होगा।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. भगवान दास ने कहा कि नवजात के शव को कुत्ते खींच रहे थे। इसकी जानकारी सफाई कर्मचारी ने दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।