गोरखपुर जिले के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के गायघाट बुजुर्ग में बृहस्पतिवार की देर तीन बजे युवती से मिलने उसके घर में घुसे गौतम (20) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसे गंभीर हालत में पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पिता अमर की तहरीर पर परशुराम यादव, उसके बेटे आकाश यादव और आठ से दस अज्ञात लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में लिया है।
पिता अमर ने दिए तहरीर में लिखा है कि गौतम किसी काम से गायघाट बुजुर्ग गांव गया था। काफी देर तक वापस नहीं आने पर उसकी तलाश में निकले थे। इसी दौरान परशुराम के घर पर गया तो देखा कि उसे चोर बोलकर परशुराम, आकाश और आठ से दस अज्ञात लोग उसकी पिटाई कर रहे थे। बीच बचाव की कोशिश की तो आरोपियों ने दौड़ा लिया। भागकर जान बचाई और फिर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर किया हंगामा
गौतम की मौत के बाद परिजनों ने जिला अस्पताल की मोर्चरी में जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि गायघाट बुजुर्ग गांव में गौतम की बेरहमी से पिटाई की गई थी। मगर पुलिस ने समय से अस्पताल नहीं पहुंचाया। मां रामदुलारी के मुताबिक, गुरुवार की रात दस बजे गए गौतम के घर वापस नहीं आने पर जब परिजन उसकी तलाश में गए तो गांव से पता चला कि चोर बोलकर उसकी पिटाई की गई है और उसे पुलिस लेकर गई है।