रिश्ते में भांजे लगते युवक की छेड़छाड़ को नजरअंदाज करना विवाहिता को महंगा पड़ गया। बुधवार सुबह भांजा विवाहिता से दुष्कर्म के बाद उनकी पिटाई कर फरार हो गया। पीड़ित महिला ने उपचार के बाद पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बरहज इलाके की रहने वाली 40 साल की एक महिला के पति बाहर रहते हैं। वह शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक मोहल्ले में किराए का मकान लेकर रहती है। यहां उसके बच्चे पढ़ाई-लिखाई करते हैं। बताया जा रहा है कि महिला के पति का सगा भांजा भी यहीं रहता था। मंगलवार की रात भांजे ने मामी से दुष्कर्म किया। इस बात की जानकारी होने पर परिवार के सदस्य बुधवार को एकत्र हो गए। मौका देखकर आरोपी भांजे ने मामी के सिर पर किसी वजनी वस्तु से प्रहार कर दिया।
इससे उसके सिर में चोट लग गई। पीड़ित महिला ने जिला अस्पताल में उपचार कराया। उसने बताया कि कई महीने से वह छेड़खानी करता था। रिश्तेदार होने के कारण उसका मंसूबा नहीं भांप पाई थी। पीड़ित महिला ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला ने तहरीर दी है। मामले की जांच कराई जा रही है। दोनों रिश्तेदार हैं।