गोरखपुर शहर के पादरी बाजार स्थित एसबीआई शाखा से तीस हजार रुपये निकालकर घर जा रहे रिटायर्ड रेल कर्मचारी से लूट का मामला सामने आया है। वह पैदल ही घर लौट रहे थे, तभी सामने से आए बाइक सवार बदमाश झोले में रखे रुपये छीनकर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और इसे गुलरिहा इलाके का मामला बताया। गुलरिहा पुलिस को सूचना दी गई। काफी देर तक सीमा विवाद के बीच ही सीओ क्राइम प्रवीण सिंह भी पहुंच गए और मामला गुलरिहा इलाके का होने पर पुलिस को जांच के निर्देश दिए। पुलिस आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों की मदद से आरोपितों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, शिवपुर सहबाजगंज निवासी राघव सिंह वाराणसी में रेलवे के डीएसडब्ल्यू से रिटायर्ड हैं। उनका खाता पादरीबाजार स्थित एसबीआई शाखा में है। बृहस्पतिवार की शाम उन्होंने बैंक से तीस हजार रुपये निकाले।
रुपये झोले में रखकर वह पैदल ही घर की ओर जाने लगे। बैंक से अभी दो सौ मीटर ही आगे गए थे कि सामने से आए बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर रुपयों से भरा झोला छीन लिया और फरार हो गए। बुजुर्ग के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सीओ क्राइम प्रवीण सिंह ने बताया कि पुलिस टीम आरोपितों की तलाश में जुटी है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।