गोला लगने से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के बेलवा बाजार में बुधवार की सुबह भूमि के विवाद में लाइसेंसी बंदूक से एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने आनन-फानन उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मिली जानकारी के मुताबिक, बेलवा बाजार निवासी धर्मेंद्र राव (50) पुत्र रविंद्र राव का अपने ही गांव के एक व्यक्ति से रास्ते की भूमि को लेकर विवाद चला आ रहा था। बुधवार सुबह उनका भतीजा शुभम रास्ते से ईंट हटा रहा था। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोग आ गए और दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी।
विवाद इस कदर बढ़ गया कि कुछ ही देर में हाथापाई होने लगा और एक व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से धर्मेंद्र राव के सीने में गोली मार दी। घटना के बाद अफरा- तफरी मच गई और सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को परिजन जिला अस्पताल पहुंचाए।
डॉक्टरों ने बताया कि सीने में गोली लगने के कारण उनकी हालत खराब है। उधर, ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और हमलावरों की तलाश में जुट गई है। गोली चलने की वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल पैदा हो गया है। इस बाबत थानेदार राम मोहन सिंह ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में लेने के लिए छापेमारी की जा रही है।