गोरखपुर के बक्शीपुर में 10 जून की देर रात मनबढ़ों ने चाट विक्रेता अविनाश को गोली मार दी। गंभीर स्थिति में परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया था जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां अविनाश का उपचार चल रहा है।
उसके पिता ने मोहल्ले के चार युवकों समेत पांच के खिलाफ हत्या की कोशिश, बलवा का केस दर्ज कराया है। आरोपियों की तलाश में कोतवाली पुलिस दबिश दे रही है। कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।
बक्शीपुर में दयानंद इंटर कॉलेज के पास रहने वाले सुरेश लाल गुप्ता अपने बेटे अविनाश के साथ ठेले पर चाट बेचते हैं। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि 10 जून की रात में बिजली कटौती के दौरान अविनाश सड़क पर टहल रहा था।
रात 12 बजे मोहल्ले का मोनू गौड़, रितेश, अमन, कुंदन कन्नौजिया और एक अन्य युवक के साथ पहुंचा। बातचीत करते हुए वे सभी अविनाश को गली की तरफ ले गए और पेट में तमंचा सटाकर गोली मार दी। घटना के समय मोहल्ले के 20 से अधिक लोग आसपास मौजूद थे। वारदात के बाद आरोपी असलहा लहराते हुए फरार हो गए।