उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जमीन खरीदने के लिए 20 लाख रुपये के लेनदेन में शनिवार की दोपहर में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के लिपिक पद पर तैनात देवेंद्र निषाद (35) को गोली मार दी गई। देवेंद्र के सीने में दाहिनी तरफ गोली लगी है।
घायल अवस्था में वह नौसढ़ चौकी इंचार्ज को बाघागाड़ा में तड़पते मिले। पुलिस ने उन्हें ऑटो से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायल ने बताया कि गोली उन्हें रामनगर कड़जहां में मारी गई है। जिसके बाद दो थानों की पुलिस आपस में ही सीमा विवाद को लेकर उलझ गई है।
जानकारी के अनुसार रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के गायघाट बुजुर्ग के रामपुर निवासी देवेंद्र निषाद (35) पीडब्ल्यूडी विभाग गोरखपुर कार्यालय में लिपिक पद पर तैनात हैं। उनके एक परिचित को जमीन खरीदनी थी। देवेंद्र ने चौरीचौरा के गोनर गांव निवासी राजू निषाद से सौदा तय कराया था। देवेंद्र के परिचित ने 20 लाख रुपये भी राजू को एडवांस में दे दिया था।
25 जून को रजिस्ट्री होनी थी, लेकिन राजू बहाना बनाकर रजिस्ट्री करने नही आया। शनिवार को राजू ने बातचीत करने के लिए देवेंद्र को अपने घर बुलाया था। देवेंद्र अपनी बाइक से राजू के गौनर गांव स्थित घर गए। वहां दोनों ने जमीन के सौदे को लेकर बातचीत की। बाद में देवेंद्र बाइक से घर आने के लिए निकला। राजू भी शहर आने की बात कहकर उसी के बाइक से देवेंद्र के साथ चल दिया।
घायल देवेंद्र के छोटे भाई हरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि रास्ते में जैसे ही कडजहां से घर जाने के लिए देवेंद्र ने फोरलेन की ओर मुड़ा था कि राजू ने गोली मार दी और फरार हो गया। उधर, घायल अवस्था में बाइक चलाते हुए देवेंद्र बाघागाड़ा के पास पहुचकर गिर गया। घायल ने भी नौसड़ पुलिस को बताया कि गोली उसे खोराबार के कडजहां के पास मारी गयी है। हालांकि अभी किसी ने मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
ऐसे फंसा सीमा विवाद
गोली की घटना की जानकारी होने पर खोराबार व गीडा पुलिस परेशान हो गई। दोनों थाने की पुलिस घटना को अपने क्षेत्र में नहीं होना बताने लगी। चौकी इंचार्ज राम नगर कडजहां चंदन कुमार ने बताया कि घटना उनके क्षेत्र में नही हुई है। कडजहां से बाघागाड़ा की दूरी करीब 15 किलोमीटर है। इतनी दूर गोली लगने के बाद बाइक चलाकर जाना संभव नहीं है। वहीं नौसढ़ चौकी इंचार्ज अनूप तिवारी का कहना है कि गोली खोराबार क्षेत्र में मारी गई है। बाघागाड़ा में वह बाइक चलाते आया और गिर पड़ा जिसके बाद मैनें उसे इलाज को भिजवाया। वही इंस्पेक्टर खोराबार राहुल कुमार सिंह ने बताया कि घटना खोराबार की नहीं है बल्कि गीडा क्षेत्र की है।
एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने कहा कि युवक को गोली मारी गई है। वह बाघागाड़ा के पास घायल मिला। पुलिस को जांच कर कार्यवाई का निर्देश दिया गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज की जाएगी।