उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निचलौल क्षेत्र में बकरी चराने गई बालिका को अश्लील वीडियो दिखाकर युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता की मां शिकायत करने आरोपी के घर गई तो नाराज युवक परिजनों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। बाद में न्याय की आस लेकर महिला बेटी को लेकर थाने पहुंची, लेकिन वहां भी पुलिसकर्मियों ने पीड़िता के साथ दुर्व्यवहार कर थाने से भगा दिया।
इसकी शिकायत पीड़िता ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक से की है। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि आठ वर्षीय बेटी 10 सितंबर को दिन में करीब 12 बजे गांव से पश्चिम सिवान स्थित एक चकरोड पर बकरी चरा रही थी। इसी बीच गांव का एक युवक पहुंचा।
उसने बेटी को फुसलाकर मोबाइल फोन में अश्लील वीडियो दिखाने लगा। कुछ देर बाद छेड़छाड़ करने लगा। बेटी के विरोध करने पर युवक ने उसकी पिटाई कर जबरन गन्ने के खेत में खींच ले गया और कपड़ा उतार दिया और दुष्कर्म करने का प्रयास करने लगा।
इस बीच बेटी की आवाज सुन खेत की तरफ कुछ लोग पहुंचे तो आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। उसने घर आकर आपबीती बताई। पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने बताया कि दुर्व्यवहार का आरोप निराधार है। थानाध्यक्ष को मामले में त्वरित कार्रवाई कर अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।