उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में शनिवार सुबह एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शनिवार को तड़के एक नाबालिग युगल ने मालगाड़ी से कटकर जान दे दी। मालगाड़ी के चालक की सूचना पर स्टेशन मास्टर ने जीआरपी भटनी को जानकारी दी। जीआरपी भटनी ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया। दोनों की पहचान हो गई है।
खामपार थानाक्षेत्र के सरया गांव निवासी बालचंद का 17 वर्षीय बेटा अजय प्रसाद का रिश्तेदारी में आई किशोरी निशा (16) से प्रेम हो गया था। निशा बरहज थानाक्षेत्र के तेलिया शुक्ल गांव के रहने वाले हरिलाल प्रसाद की बेटी थी। निशा चार माह पहले बीमार मौसी सरया निवासी प्रभावती देवी की देखरेख करने आई थी। यहां उसका अजय से प्रेम हो गया।
शुक्रवार की देर शाम दोनों घर से निकले और भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पर आ गए। स्टेशन पर रेलकर्मियों ने उन्हें बाहर जाने को कहा। वे दोनों प्लेटफॉर्म नंबर दो पर बने टीन शेड के नीचे एकांत में बैठ गए। अजय के पॉकेट से फ्यूराडान की शीशी मिलने से आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने रात में जहरीला पदार्थ खा लिया होगा और एक-दूसरे का हाथ पकड़कर डाउन मेन लाइन के ट्रैक के बीच लेट गए होंगे।