मृतक कारोबारी मनीष गुप्ता।(फाइल)
- फोटो : amar ujala
कानपुर के कारोबारी मनीष गुप्ता हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई ने बुधवार को मनीष के दोस्त हरबीर और प्रदीप सिंह से लखनऊ में पूछताछ की। दोनों दोस्तों से पूरी जानकारी लेने के बाद सीबीआई उन्हें लेकर गोरखपुर आएगी। यहां आकर हरबीर और प्रदीप के साथ होटल कृष्णा पैलेस के रूम नंबर 512 में घटना का सीन रिक्रिएट करेगी। उम्मीद है कि सीबीआई इसी सप्ताह गोरखपुर फिर आ सकती है।
जानकारी के मुताबिक बीते 27 सितंबर को मनीष गुप्ता अपने दो दोस्त हरबीर सिंह और प्रदीप सिंह के साथ ही गोरखपुर आए थे। रात में पुलिस की चेकिंग के दौरान पिटाई से मनीष की मौत हो गयी थी। उस घटना के वक्त होटल में मनीष के साथ सिर्फ हरबीर और प्रदीप ही मौजूद थे। हालांकि सीबीआई से पहले इस मामले की जांच कर रही एसआईटी कानपुर ने दोनों को गोरखपुर बुलाया था, लेकिन वे आने को तैयार नहीं हुए थे।
इससे पहले सीबीआई मनीष के गोरखपुर में मौजूद दोस्तों और घटना के दिन किसी न किसी रूप से मनीष से मिले लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इसके साथ ही सीबीआई होटल कृष्णा पैलेस के मालिक, मैनेजर और कर्मचारियों के साथ ही रामगढ़ताल थाने की मौजूदा पुलिस से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है। इस केस में हरबीर और प्रदीप के बयान काफी महत्वपूर्ण हैं।
एसआईटी ने 11 गवाह तैयार किए थे जिनमें इन दोनों का नाम प्रमुख था। फिलहाल सीबीआई दोनों दोस्तों हरबीर और प्रदीप को लेकर जल्द ही गोरखपुर आएगी। यहां घटना का सीन रिक्रिएट कराने के साथ ही टीम सभी को आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ करेगी। बताया जा रहा है कि इसके बाद ही टीम आरोपी पुलिस वालों को अपनी कस्टडी में लेगी।