तरयासुजान थाने के गांव परसौनी बुजुर्ग में सोमवार की आधी रात को गांव के ही एक अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति ने दरवाजे के सामने सो रहे दंपती को धारदार हथियार से मारकर मौत के घाट उतार दिया।
हमलावर की इस दिल दहलाने वाली वारदात को देखकर मृतक दंपती की बेटी ने शोर मचाया तो उस पर हमला कर दिया। किसी तरह से खुद को बचाकर बेटी ने शोर मचाया। इसके बाद हमलावर अपनी साइकिल वहीं छोड़कर भाग निकला।
ये है पूरा मामला
परसौनी बुजुर्ग निवासी बुधन (55) सोमवार की रात में दरवाजे पर चारपाई डालकर सो रहे थे। पत्नी समकेशिया (52) भी बगल में दूसरी चरपाई पर सोई थी। रात में करीब 12.30 बजे गांव का ही एक व्यक्ति साइकिल से पहुंचा और धारदार हथियार से सो रही समकेशिया के पेट पर वार कर दिया।
महिला चीखी तो बगल में सो रहे पति व घर में सो रही बेटी की नींद खुली। मौके का नजारा देखकर दोनों चीख पड़े। बेटी सावित्री (25) के अनुसार हमलावर गांव का ही रमाशंकर था जिसने उसके सामने ही पिता को भी मौत के घाट उतार दिया। चीख पुकार सुनकर जब पड़ोसी पहुंचे तो आरोपी रमाशंकर अपनी साइकिल छोड़कर भाग निकला। घटना की सूचना मिलने पर रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कई मामलों में जेल जा चुका है हत्यारोपी
गांव व परिवार के लोगों के अनुसार आरोपी रमाशंकर पहले भी कई मामले में जेल जा चुका है। इधर कुछ दिनों से उसकी बुधन से अनबन चल रही थी जिसको लेकर वह धमकी भी दे चुका था। पुलिस ने दो दिन पहले इस मामले में आरोपी के खिलाफ 151 की कार्रवाई भी की थी।