गोरखपुर के शंकर नेत्रालय के मालिक और सर्जन डॉ. आशुतोष शुक्ला के अपहरण की कोशिश गार्ड के भतीजे अंकित सिंह और उनके साथियों ने की थी। सीसीटीवी की मदद से कैंट पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर तलाश में दबिश देनी शुरू कर दी है।
हालांकि अंकित अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर है। दबाव बनाने के लिए पुलिस अंकित के करीबियों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को डॉक्टर की भूमिका पर भी संदेह है। उधर, एहतियातन दो पुलिसकर्मी डॉक्टर की सुरक्षा में क्लीनिक पर तैनात कर दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, होली के दिन डॉक्टर के अपहरण की कोशिश हुई थी। गार्ड के भतीजे व आजाद चौक, शिवाजी नगर निवासी अंकित सिंह की मुख्य आरोपित के रूप में पहचान हुई है। डॉक्टर ने बताया कि वे मंगलवार की शाम को शुभचिंतकों से होली मिलने जा रहे थे। क्लीनिक के बाहर खड़े होकर वे अपनी पत्नी का इंतजार कर रहे थे। उनके पास क्लीनिक के कुछ कर्मचारी भी खड़े थे।