रुड़की में एक छात्रा ने अपने ही टीचर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोप लगाया कि टीचर बाद में शादी से मुकर गया औैर उसका गर्भपात भी करा दिया। छात्रा ने पुलिस से मौखिक शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी एक छात्रा बृहस्पतिवार को कोतवाली पहुंची। उसने बताया कि वह दो साल पूर्व एक टीचर से ट्यूशन पढ़ने जाती थी, उस समय वह नाबालिग थी। आरोप है कि उस दौरान टीचर ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं धर्मपरिवर्तन कर शादी करने की बात कही।
आरोप है कि इस बीच वह गर्भवती हो गई तो टीचर ने गर्भपात कर दिया। इतना ही नहीं टीचर ने शादी करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि अब टीचर उससे शादी की बात तो दूर बात तक नहीं करता है। साथ ही जान से मारने की धमकी देता है। छात्रा ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की।
उधर, पुलिस ने मामले में लिखित शिकायत करने की बात कही तो छात्रा कोतवाली से वापस लौट गई। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि छात्रा ने कोई तहरीर नहीं दी है। अगर तहरीर आती है तो मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।