गोरखपुर के सहजनवां इलाके के एक गांव में बुधवार की सुबह शौच को निकली युवती को पकड़कर तीन लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी गांव का युवक विशाल अपने दो साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर विशाल और उसके दो अज्ञात साथियों पर दुष्कर्म की धारा में केस दर्ज कर विशाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अज्ञात दो साथियों की पहचान कर तलाश में जुटी है। युवती का मेडिकल कराने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, युवती बुधवार की सुबह अकेले ही घर से शौच को निकली थी। इसी दौरान विशाल अपने दो साथियों के साथ उसका मुंह दबाकर बागीचे की ओर लेकर चला गया और फिर सबने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। गांव के बगल का होने की वजह से युवती ने विशाल को पहचान लिया लेकिन अन्य दो की पहचान नहीं कर पाई।
किसी तरह से आरोपितों की चंगुल से छूटकर घर गई युवती ने आपबीती बताई तो घरवाले भी हैरान हो गए। उन्होंने पहले तो लोकलज्जा के डर से किसी को कुछ नहीं बताया मगर फिर बुधवार की देर शाम थाने में सूचना दी।
पुलिस ने तहरीर आते ही केस दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी और गुरुवार की सुबह विशाल को दबोच लिया। एसओ दिनेश मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।