औरैया जिले के अछल्दा में खेत की रखवाली करने गए किसान को कुछ लोगों ने डंडों से पीट-पीटकर घायल कर दिया। किसान की चीख-पुकार सुन गांव के लोग पहुंच और उसे अछल्दा सीएचसी में भर्ती कराया। उपचार के दौरान किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम दलीपुर निवासी विजय शाक्य (45) पुत्र कन्नु शाक्य प्रतिदिन अपनी खेत की रखवाली करने के लिए खेत में जाता था।
खेत के पास बने ट्यूबवेल के पास सोता था। वह बुधवार रात करीब 8 बजे घर से खाना खाने के बाद खेत की रखवाली के लिए निकल गया तभी कुछ देर बाद खेत से चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं। जिस पर गांव के व आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और खेत में जाकर देखा तो विजय घायलावस्था में पड़ा हुआ था।
उसके शरीर में काफी जगह पर चोट के निशान थे। जिसके बाद गांव के लोगों ने उसे अछल्दा सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान ही किसान ने दम तोड़ दिया।