उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 14 साल के बच्चे का शव गड्ढे में फेंका मिला है। उसके गले पर चोट के निशान भी मिले हैं।
मामला बेलघाट इलाके के एकौना गांव का है। यहां पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे अंडरपास के गड्ढे में शैलेश (14) की हत्या कर फेंका गया शव मिला। आशंका है कि गला दबाकर हत्या के बाद आरोपियों ने शव को गड्ढे में फेंक दिया।
सूचना पर एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव फोरेंसिक टीम और पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घरवालों ने रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए तहरीर दी। तहरीर के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, एकौना निवासी विशेसर एक्सप्रेस-वे किनारे झोपड़ी डालकर गुटखा की दुकान चलाते हैं। उनके पांच बच्चों में शैलेश सबसे छोटा था। मंगलवार की सुबह गांव के बच्चों ने गड्ढे में शैलेश का शव देखकर शोर मचाया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम की मदद से जांच की। विशेसर ने बताया कि सोमवार रात 11 बजे शैलेश घर के अंदर सो रहा था। पिता इस बात से हैरान हैं कि आधी रात बाद शैलेश घर से बाहर कैसे चला गया?
एसपी साउथ विपुल कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी गोला श्याम देव भी मौके पर पहुंचे। एसपी साउथ ने बताया कि जांच की जा रही है। शीघ्र ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।