साइबर जालसाजों के शिकार बने लोगों के खाते में रुपये वापस आने पर उनके चेहरे खिल उठें। 2021 में सामने आए 145 मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक माह के भीतर 32 लाख 80 हजार 593 रुपये पीड़ितों के बैंक खातों में वापस कराया। कई लोगों ने क्राइम ब्रांच ऑफिस पहुंचकर पुलिस को धन्यवाद भी दिया।
जानकारी के मुताबिक, एसएसपी के आदेश पर गोरखपुर की साइबर सेल की टीम द्वारा साइबर फ्राड/ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसे, एटीएम कार्ड नंबर व ओटीपी आदि पूछकर रुपये निकालने, फेसबुक अकाउंट हैक कर, फोन पे, पेटीएम आदि पर कैशबैक/रिवार्ड्स प्वाइंट के नाम पर लिंक आदि भेजकर खातों से धोखाधड़ी करके धन निकासी करने आदि के मामलों में कार्रवाई की गई है। साइबर सेल टीम के प्रभारी महेश कुमार चौबे व उनकी टीम को सफलता मिलने पर एसएसपी ने बधाई दी।
जालसाजी हो तो यहां पर दें सूचना
किसी भी प्रकार का साइबर अपराध होने पर इसकी सूचना तत्काल भारत सरकार गृह मंत्रालय द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 155260 व 112 व 222 cybercrime.gov.in पर दे सकते हैं।