गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र के सेक्टर सात स्थित ताहिरा साइंस एंड टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट में काम कर चुके असिस्टेंट प्रोफेसर ने प्रबंधक पर दलित उत्पीड़न व मारपीट का केस दर्ज कराया है। वहीं, प्रबंधक ने इन आरोपों को नकारते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर जिले के सुकरौली क्षेत्र के बढ़या बुजुर्ग बरेठा निवासी श्याम चरण जनवरी से सितंबर 2021 तक ताहिरा साइंस एंड टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट सेक्टर सात गीडा में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत थे। श्याम चरण का कहना है कि इंस्टीट्यूट से इस्तीफा देकर दूसरी जगह कार्य करने लगे। ताहिरा कॉलेज के प्रबंधन से अनुभव सर्टिफिकेट व अपने अन्य डॉक्यूमेंट मांगने के लिए एचओडी अजीत यादव एवं अमित राय से दूरभाष पर संपर्क किया।
अमित राय ने डॉक्यूमेंट संस्थान के चेयरमैन एवं मैनेजर शोएब अहमद के पास होने की बात कही। बृहस्पतिवार को अमित राय ने फोन कर कॉलेज बुलाया। चेयरमैन एवं मैनेजर शोएब अहमद ने अपने चेंबर में बुलाकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की।
गीडा एसओ जगमोहन राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी प्रबंधक के खिलाफ मारपीट व दलित उत्पीड़न की धारा में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, ताहिरा साइंस एंड टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट के मैनेजर शोएब अहमद का कहना है कि सारे आरोप निराधार हैं। पुलिस की जांच में सच सामने आ जाएगा।