उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के भटवलिया हाइड्रील के पास शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने एक युवक की पिटाई के बाद गोली मार दी। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां से डाक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर मार्ग स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के रहने वाले सुधीर सिंह उर्फ अमन (20वर्ष) पुत्र सत्यभान सिंह रात में अपने घर जा रहा था। अभी वह भटवलिया स्थित हाइड्रील गेट के पास पहुंचा कि बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया।
बदमाश बिना किसी बात के ही मारने पीटने लगे। युवक को पीटता देख स्थानीय लोग पहुंचे तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली युवक के दाहिने जंघे और कंधे पर लग गई। इसके बाद बदमाश हवाई फायरिंग कर भागने लगे। इस दौरान लोगों ने दौड़ा कर एक बदमाश को पकड़ लिया।
पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद अन्य बदमाशों की तलाश में जुट गई है। एसपी ने बताया कि पूछताछ किया जा रहा है।