गोरखपुर-फरेंदा मार्ग पर कैंपियरगंज वन निगम के पास संपर्क मार्ग पर पिकअप चालक अच्छेलाल यादव (40) की सोमवार रात बेरहमी से हत्या कर दी गई। साथी पिकअप चालकों ने अच्छेलाल के सिर पर पहले रॉड से हमला किया फिर पिकअप उनके ऊपर चढ़ा दिया। वारदात के बाद आरोपित पिकअप लेकर भाग रहे थे, मगर मुख्य मार्ग पर आते ही वह पलट गया। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपितों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपितों ने पुराने विवाद में वारदात करना कबूल कर लिया।
मृतक अच्छेलाल बिहार के पश्चिमी चंपारण के बगहा के रहने वाले थे। साहबजगंज में किराए पर कमरा लेकर रहते थे। वह सहजनवां के बोक्टा निवासी चंद्रमौल तिवारी की गाड़ी चलाते थे। आरोपित कोतवाली छोटे काजीपुर निवासी जिसान अंसारी, मुन्ना उर्फ एहसानुल्लाह भी उसके साथ ही दूसरे का पिकअप चलाते हैं।
जानकारी के मुताबिक, साहबगंज स्थित श्यामू काजू स्टोर से सामान लेकर अच्छेलाल यादव लक्ष्मीपुर, महराजगंज जाने के लिए निकले थे। पीछे से मुन्ना और निसार एक पिकअप से निकले। उन्हें सिद्धार्थनगर जाना था। तीनों ने रास्ते में पुराना विवाद खत्म करने की बात की और एक साथ आगे-पीछे जाने लगे। इस दौरान खाने-पीने के लिए मुख्य मार्ग से संपर्क मार्ग पर चले गए।