शाहपुर इलाके में सोमवार की रात ढाई बजे के करीब पशु तस्करों और पुलिस में मुठभेड़ हो गई। थानेदारी की सरकारी जीप में टक्कर मार भाग रहे तस्करों का पीछा कर रही पुलिस टीम पर ईंट फेंकते हुए तस्कर फरार हो गए।
खबर है कि इस दौरान दो पुलिस वालों को मामूली चोट भी आई है मगर पुलिस अफसरों ने इससे इनकार किया। इंस्पेक्टर की तहरीर पर शाहपुर थाने में एफआईआर दर्ज की जाएगी। तस्करों की संख्या सात से आठ बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, राम जानकरी नगर के पास थानेदार गाड़ी से गश्त पर थी। रात करीब 2.30 बजे पिकअप पर लदे पशु पुलिस को दिखाई दिए। पुलिस ने चेकिंग शुरू की तो टक्कर मारते हुए भागने लगे। पुलिस ने तत्काल पीछा शुरू कर दिया और बदमाश कौवाबाग के पास आ गए। यही पर अचानक गाड़ी में ब्रेक लगा दिए जिससे पुलिस जीप पीछे से आ घुसी। पुलिस वाले अभी संभल पाते कि तस्कर ईंट फेंकने लगे और फिर फरार हो गए।
शाहपुर पुलिस की सूचना आते ही जिले की पुलिस हरकत में आ गई और चारों तरफ चेकिंग शुरू कर दी गई। इसी क्रम में बेलीपार पुलिस ने पशुओं से लदे एक पिकअप को पकड़ा है तो दक्षिणांचल में बड़हलगंज पुलिस ने तस्करों को दबोचा है।
हालांकि अभी वह तस्कर नहीं पकड़े जा सके है जिन्होंने पुलिस टीम पर हमला किया था। उनकी तलाश पुलिस ने सरगर्मी से शुरू कर दी है। पुलिस जिन रास्तों से तस्करों का पीछा किया था, उन रास्तों की दुकानों, मकानों में लगे सीसी टीवी कैमरे की जांच पड़ताल भी शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस के हाथ अभी तक कोई ऐसे कैमरे नहीं लगे है जिसमें तस्करों की तस्वीर कैद हो।
क्राइम सीओ प्रवीण सिंह ने कहा कि पुलिस टीम पर हमला कर भागे तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। इस घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ है। जल्द ही आरोपित तस्करों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।