उत्तर प्रदेश के गोरखरपुर जिले में एयरफोर्स के जूनियर वारंट अफसर राम सिंह दहिया ने एक महिला के ब्लैकमेल करने पर खुदकुशी की थी। दहिया के कमरे से सुसाइड नोट और एक महिला का मोबाइल नंबर मिला है। राम सिंह के बेटे विपिन दहिया ने कैंट थाने में तहरीर देकर मोबाइल नंबर के आधार पर अज्ञात महिला के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के सोनीपत के राई थानाक्षेत्र के दोवापुर के मूल निवासी राम सिंह दहिया एयरफोर्स में जूनियर वारंट अफसर के पद पर कार्यरत थे। उनकी तैनाती गोरखपुर एयरफोर्स स्टेशन में थी। बीते 14 सितंबर को उन्होंने एयरफोर्स की आकाश विहार कॉलोनी स्थित अपने आवास में खुदकुशी कर ली थी।
छुट्टी से लौटने के बाद कोविड-19 प्रोटोकाल के तहत उन्हें 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन किया गया था। उनका फोन न उठने पर साथी अनहोनी की आशंका में कमरे पर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई थी।
राम सिंह के बेटे ने कैंट पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पिता के कमरे से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें पिता ने लिखा है कि एक महिला उनको ब्लैकमेल कर रही थी। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये मांग रही थी, इसी से आजिज आकर उन्होंने खुदकुशी कर ली। सुसाइड नोट में ही महिला का मोबाइल नंबर भी लिखा था।
सीओ कैंट सुमित शुक्ल ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। एयरफोर्स कर्मचारी को ब्लैकमेल करने वाली महिला की तलाश चल रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।