गोरखपुर जिले में एक बार फिर अपराध बेकाबू हो गया है। पिछले दस दिन के आंकड़ों पर नजर दौड़ाई जाए तो हर रोज हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी जैसे मामले सामने आए हैं। बड़ी बात यह है कि पुलिस इन घटनाओं का पर्दाफाश भी नहीं कर पाई है। दस अगस्त से पहले हुई बड़ी घटनाओं का भी पुलिस पर्दाफाश नहीं कर सकी है।
गोला में सेक्रेटरी अनीश की हत्या हो या फिर सहजनवां में मिली लावारिस लाश का मामला। कैंपियरगंज में स्वर्ण कारोबारी से नौ लाख रुपये कीमत के सामने की लूट का भी पर्दाफाश नहीं हो सका है। यह हाल तब है जब इन घटनाओं के पर्दाफाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गईं हैं। पुलिस का बस दावा है कि सभी घटनाओं का जल्द ही पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, दस अगस्त को हुई बांसगांव की हत्या का ही पुलिस पर्दाफाश कर रही है। वह भी इस वजह से क्योंकि उस घटना में दहेज हत्या का केस दर्ज हो गया था और पति ही आरोपी था। इसके अलावा अन्य घटनाओं के लिए टीमें जांच ही कर रही है। चौरीचौरा में लंबे समय बाद डकैती का मामला हो या फिर रामगढ़ताल इलाके में दिनदहाड़े लूट की वारदात हो किसी भी घटना का पुलिस पर्दाफाश नहीं कर सकी है। यह सभी घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनी हुईं हैं। व्यापारी से रंगदारी के मामले भी पुलिस अभी कुछ ऐसा हासिल नहीं कर सकी है, जिससे वह घटना का पर्दाफाश कर सके।
बीते दिनों हुई बड़ी घटनाएं
10 अगस्त: बांसगांव के कुचैटा गांव में पति ने सरिता मौर्या की गला दबाकर हत्या की।
10 अगस्त: कैंट इलाके के रुस्तमपुर से सीमेंट कारोबारी की कार से चार लाख रुपये उड़ाए।
12 अगस्त: चौरीचौरा के महादेवा जंगल गांव में फाइनेंस कंपनी कर्मचारियों को बंधक बनाकर डकैती।
13 अगस्त: रामगढ़ताल इलाके के गायघाट बुजुर्ग में युवती के घर में गौतम की हत्या।
14 अगस्त: खोराबार इलाके में महिला की हत्या कर फेंकी गई लाश मिली।
16 अगस्त: रामगढ़ताल इलाके में आंखों में मिर्च पाउडर डालकर 5.28 लाख रुपये की लूट।
16 अगस्त: कौड़ीराम के मिठाई कारोबारी से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई।