गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को कोरोना मरीजों के शवों की अदला-बदली का मामला सामने आया है। गोरखपुर के कोरोना संक्रमित मृत व्यक्ति का शव देवरिया का बताकर भेज दिया गया। जब गोरखपुर के मरीज के परिजन मेडिकल कॉलेज आए तो शव बदलने का मामला खुलकर सामने आ गया।
इससे नाराज परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मामला मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी पहुंच गया। आनन-फानन में गोरखपुर के कोरोना संक्रमित मृत व्यक्ति का शव देवरिया से वापस मंगाया गया। तब जाकर मामला शांत हो सका।
जानकारी के मुताबिक छोहाड़ी देवी (75) निवासी तेनुआ, गीडा को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के 300 बेड के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार की देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। शुक्रवार की दोपहर पुत्र श्रवण यादव मेडिकल कॉलेज पहुंचे और शव लेने की औपचारिकता पूरी करने लगे। इसी बीच उनकी निगाह शव पर लिखे नाम पर गई तो हैरान रह गए।
शव पर रघुनाथ पटेल नाम का टैग लगा था। श्रवण ने सवाल किया तो पता चला कि छोहाड़ी देवी का शव देवरिया भेज दिया गया है। दरअसल, कोरोना वार्ड में ही देवरिया के भटनी थाना क्षेत्र के देवघाट निवासी रघुनाथ पटेल की भी मौत हुई थी। दोनों शव एक साथ सील करके परिजनों को दिए जाने थे। इसी में शवों की अदला-बदली हो गई।