कोरोना टीकाकरण के बाद स्वाथ्यकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला।
देवरिया जनपद में चार केंद्रों पर शनिवार को कोविड-वैक्सीनेशन का शुभारंभ हुआ। जिला चिकित्सालय में बने केंद्र पर डीएम अमित किशोर, सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय, सीएमएस डॉ. एएम वर्मा, नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह आदि की मौजूदगी में वैक्सीन का पहला डोज ब्लड बैंक में तैनात वार्ड ब्वाय श्यामानंद तिवारी को दिया गया।
टीकाकरण के बाद वार्ड ब्वाय ने बताया कि वैक्सीन लगने से कोई दिक्कत नहीं हुई। उन्होंने अपने को अच्छा महसूस किया। इसके बाद डॉ. एसएन सिंह, सफाई कर्मी इसरावती, डॉ. महेंद्र प्रसाद, डॉ. जफर अनीस आदि को वैक्सीन की खुराक दी गई।
सभी ने कहा कि हमें इसी दिन का इंतजार था। वैक्सीन सुरक्षित है। इसको लेकर किसी अफवाह पर ध्यान न दें और न ही भ्रम में रहें। उन्होंने सभी लोगों से टीका लगवाने की अपील की।
डीएम ने कहा कि वैक्सीनेशन की शुरूआत हो गई है। प्रथम चरण में शनिवार को चार केंद्रों पर चार सौ लोगों को टीका लगाया जाना है। इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए चार के अलावा वैक्सीन की 40 डोज रिजर्व में रखी गई है। केंद्र पर कर्मचारी सतर्क रहे वहीं सुरक्षा कर्मी मुस्तैद रहे।