आयुष्मान योजना के लाभार्थी और अंत्योदय कार्ड धारक निजी लैब में भी कोरोना संक्रमण की जांच निशुल्क करा सकेंगे। जिले में कोविड-19 जांच के लिए दो कलेक्शन सेंटरों को अनुमति प्रदान की गई है। केंद्र सरकार ने कोरोना की जांच और इलाज को इस योजना में शामिल कर लिया है।
विज्ञापन
देश के सरकारी और सूची में शामिल निजी अस्पतालों में निशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध है। आईसीएमआर ने इसके लिए निर्देश भी जारी कर दिए हैं। आयुष्मान योजना के लाभार्थी किसी भी सरकारी या सूचीबद्ध प्राइवेट अस्पताल में जाकर अपना कोविड-19 टेस्ट निशुल्क करा सकते हैं।
अगर उन्हें कोरोना की आशंका जताई जाती है और उन्हें प्राइवेट अस्पताल में आइसोलेशन में रहना पड़ता है या इलाज की जरूरत होती है, तो इसका खर्च भी आयुष्मान भारत योजना के तहत कवर होगा। जिले की बात करें तो करीब 80 से अधिक निजी अस्पताल आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध किए गए हैं। इन अस्पतालों में लॉकडाउन के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से इमरजेंसी में मरीजों को छूट भी दी गई है।
विज्ञापन
दो सेंटर बने, एक और ने आवेदन किया
जिले में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए आईसीएमआर ने दो कलेक्शन सेंटर को मंजूरी दी है। इनमें सिविल लाइंस स्थित डॉ. लाल पैथ लैब और बेतियाहाता स्थित पैथकाइंड लैब शामिल हैं। ये दोनों यहां के कलेक्शन सेंटर पर नमूना लेकर जांच के लिए दिल्ली और गुरुग्राम स्थित लैब में भेजेंगे। वहां से 48 घंटे बाद जांच की रिपोर्ट आएगी।
आईसीएमआर के मीडिया प्रभारी व आरएमआरसी के निदेशक डॉ. रजनीकांत ने बताया कि अभी प्रदेश में केवल नोएडा में ही निजी लैब को जांच के लिए मंजूरी दी गई है। जबकि, देश में दिल्ली और गुरुग्राम के एक-एक लैब को मंजूरी मिली है। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि मित्तल लैब ने भी जांच के लिए आवेदन किया है। लेकिन, अब मंजूरी केवल आईसीएमआर ही दे सकता है।
आयुष्मान योजना के नोडल प्रभारी डॉ. एनके पांडेय ने बताया कि कोई भी पात्र योजना के तहत मैटरनिटी हेल्थ और डिलीवरी की सुविधा, नवजात बच्चों का इलाज, कैंसर, टीबी, कीमोथेरेपी, रेडिएशन थेरपी, हार्ट बाईपास सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, दांतों की सर्जरी, आंखों की सर्जरी, एमआरआई, सिटी स्कैन, किडनी, लीवर, आंख, कान, नाक और गले से संबंधित बीमारी आदि का निशुल्क इलाज करा सकता है।
आईसीएमआर के मीडिया प्रभारी व आरएमआरसी के निदेशक डॉ रजनीकांत ने बताया कि कोविड-19 से लड़ने के लिए आयुष्मान योजना के तहत निजी अस्पताल और निजी लैब की मदद ली जा रही है। आयुष्मान और अंत्योदय कार्डधारकों के लिए निजी लैब में जांच निशुल्क कर दी गई है।