कमिश्नर जयंत नार्लिकर, डीएम के विजयेंद्र पांडियन, सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने मंगलवार को एम्स में बनने वाले कोविड अस्पताल की तैयारियों को लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान एम्स में बन रहे भवन का जायजा लेते हुए काम करा रही कार्यदाई संस्था से जानकारी हासिल की।
कार्यदाई संस्था ने बताया कि जल्द से जल्द भवन हैंडओवर कर दिया जाएगा। डीएम ने बताया कि अधिकतम 25 अगस्त तक एम्स में 50 बेड का कोविड लेवल- टू अस्पताल शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद मरीजों की भर्ती करने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
डीएम ने बताया कि बीआरडी मेडिकल कॉलेज एम्स प्रशासन को 10 वेंटिलेटर उपलब्ध कराएगा। साथ ही चिकित्सकों व कर्मचारियों को कोरोना मरीजों की देखभाल की ट्रेनिंग भी देगा, जिससे की मरीजों की देखभाल में कोई परेशानी न हो।
बता दें कि दो दिन पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एम्स का निरीक्षण करने पहुंचे थे। वहां उन्होंने कोविड अस्पताल बनाने का निर्देश दिया था। इसके बाद तैयारियां शुरू हो गई। बताया जाता है कि जहां कोविड अस्पताल बनाया जाएगा। वह लगभग बनकर तैयार हो गया है।
एम्स की डायरेक्टर डॉ. सुरेखा किशोर ने बताया कि निर्माण कार्यदाई संस्था को निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द अस्पताल बनाकर दें। 10 वेंटिलेटर की मांग परिवार एवं स्वास्थ्य मंत्रालय से की गई है। कोविड अस्पताल को शुरू करने के लिए 50 जूनियर और 50 सीनियर रेजीडेंट के पद की स्वीकृति भी मांगी गई है।