कोरोना से सुरक्षा के लिए जिले में किशोरों को कोवाक्सिन की डोज दी जाएगी। तीन जनवरी से शुरू होने वाले टीकाकरण के लिए एक जनवरी से पंजीकरण शुरू हो जाएगा। 15 से 18 वर्ष के किशोर या उनके अभिभावक एक जनवरी से कोविन एप या पोर्टल पर टीके के लिए पंजीकरण करा सकेंगे। सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण की तैयारी पूरी कर ली है। बीमार किशोरों को प्राथमिकता के आधार पर टीका लगाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक जिले में 15 से 18 वर्ष के बीच करीब ढाई लाख किशोर हैं। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ने किशोरों को टीका लगाने का फैसला लिया है। इसके लिए अभिभावक या किशोर कोविन एप पर पहले से रजिस्ट्रेशन भी करा सकते हैं।
18 साल के कम उम्र के किशोरों के वोटर कार्ड नहीं होता है। ऐसे में पंजीकरण के लिए आधार नंबर का इस्तेमाल कर सकते हैं। आधार कार्ड भी न होने की दशा में स्कूल का कोई भी अंकपत्र जिसपर जन्म तिथि अंकित हो, मान्य होगा।