- कैंपियरगंज इलाके की घटना, बाइकें भी तोड़ीं
कैंपियरगंज। थाना क्षेत्र के बेलमा गांव में तालाब पर मछली की रखवाली कर रहे दंपती पर पुरानी रंजिश में हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दंपती समेत एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया। दबंगों ने दो मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त कर दीं। पुलिस ने पांचू, पवन, वीरेंद्र, बिहारी, विजय कुमार, बबलू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार, बेलमा निवासी हरीप्रसाद 23 अप्रैल की रात करीब 10 बजे पत्नी के साथ अपने तालाब (खाझा ताल) पर निगरानी के लिए गए थे। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे पांचू, पवन, वीरेंद्र, बिहारी, विजय कुमार, बबलू व अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए दंपती पास के ईश्वर देव राय के घर की ओर भागे लेकिन आरोपियों ने वहां पहुंचकर ईश्वर देव राय को भी मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान तीनों को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनकी बाइक तथा ईश्वर देव राय की बाइक को लाठी-डंडों से क्षतिग्रस्त कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई लेकिन तब तक आरोपी मौके से जा चुके थे। थाना प्रभारी प्रभुदयाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।