बड़हलगंज। थाना क्षेत्र के मुहाल जलकर गांव में उधार का पैसा मांगने गए दंपती के साथ मारपीट और महिला का मंगलसूत्र छीनने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित चंद्रकांत निषाद ने पुलिस को बताया कि गांव निवासी नवनाथ निषाद को उन्होंने वर्ष 2025 में उसके पिता राम निहोरा निषाद के इलाज व अन्य जरूरतों के लिए ऑनलाइन और नकद मिलाकर करीब 3.15 लाख रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि कई महीनों बाद पैसा वापस मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।
चंद्रकांत के अनुसार, इस संबंध में उन्होंने पहले भी बड़हलगंज कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया था, जिस पर नवनाथ ने 10 फरवरी 2026 तक रुपये लौटाने का लिखित आश्वासन दिया था। तय समय बीत जाने के बाद भी पैसा वापस नहीं किया गया। आरोप है कि 21 अप्रैल को जब वह अपनी पत्नी निशा देवी के साथ आरोपी के घर रुपये मांगने पहुंचे तो नवनाथ निषाद और जनार्दन निषाद ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मरवाने की धमकी दी।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी पत्नी का मंगलसूत्र भी छीन लिया गया। थाना प्रभारी सुनील राय ने बताया कि संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।