मां के अस्पताल जाने के लिए तैयार न होने पर तिवारीपुर की कोरोना संक्रमित बच्ची शनिवार को अस्पताल में भर्ती नहीं हो सकी। स्वास्थ्य विभाग की टीम रविवार को मां की काउंसलिंग की। इसके बाद मां को बच्ची के साथ रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार तिवारीपुर, सूरजकुंड की एक आठ साल की बच्ची शनिवार को कोरोना संक्रमित पाई गई थी। उसकी मां निगेटिव थी। बच्ची मां के बिना नहीं रहती है। मां कोरोना संक्रमण के डर से अस्पताल जाने को तैयार नहीं थी।
इस वजह से बच्ची को शनिवार को अस्पताल में भर्ती नहीं कराया जा सका। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मां की काउंसलिंग करने के बाद वह तैयार हुई, तब मां और बेटी दोनों को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वही, सहजनवां के एक 13 साल के बच्चे में भी कोरोना की संक्रमण की पुष्टि हुई थी। उसके पिता निगेटिव पाए गए थे।
बच्चे की मां नहीं है, इसलिए पिता के साथ उसे भी रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्ची की मां व बच्चे के पिता दोनों को पूरी ट्रेनिंग दी गई है कि वे किस तरह अपने बच्चों की देखभाल करेंगे। कितनी दूरी पर रहेंगे।
सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि दोनों को बार-बार ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि वे सावधानीपूर्वक अपने को सुरक्षित करते हुए बच्चों की देखभाल कर सकें। हर पांच दिन पर उनके संक्रमण की जांच भी कराई जाएगी, यह देखने के लिए कि कहीं वे संक्रमित तो नहीं हो गए हैं।