- मुख्यमंत्री से मिले पार्षद, विकास योजनाओं पर हुई चर्चा
-सीएम ने दिए विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने के निर्देश
गोरखपुर। नगर निगम के पार्षदों ने सोमवार शाम गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर शहर के वार्डों में विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। पार्षदों ने मुख्यमंत्री को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद विभिन्न वार्डों में प्रस्तावित विकास योजनाओं, जरूरी कार्यों और बजट को लेकर विस्तार से बातचीत हुई।
पार्षद ऋषि मोहन वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने वार्डों में विकास कार्यों को व्यवस्थित और प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध बजट के अनुसार पहले उन कार्यों को चिह्नित किया जाए, जिनकी सबसे अधिक आवश्यकता है और जिनसे आम जनता को सीधे लाभ मिलेगा। जरूरी कार्यों को पहले पूरा कराने के बाद अन्य विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि किसी जरूरी विकास कार्य के लिए बजट की कमी आती है तो अतिरिक्त बजट की मांग की जा सकती है। पार्षदों ने वार्डों में सड़क, नाली, जल निकासी, सफाई समेत अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की जानकारी भी साझा की। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा कराने पर जोर दिया। मुलाकात के दौरान रमेश गुप्ता, चंद्रशेखर सिंह, पवन तिवारी आदि मौजूद रहे।